खानापारा में लगे हुनर हाट को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग हुनर हाट देखने आ रहे हैं। हुनर हाट का फूड कोर्ट लोगों को लुभा रहा ह...
खानापारा में लगे हुनर हाट को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग हुनर हाट देखने आ रहे हैं। हुनर हाट का फूड कोर्ट लोगों को लुभा रहा है। यहाँ देश भर के लज़ीज़ पारंपरिक व्यंजनों के 50 स्टॉल लोगों के लिए उपलब्ध है जहाँ लगभग हर राज्य का मशहूर स्वादिष्ट खाना मिल रहा है जिसका लोग भरपूर लुत्फ़ उठा रहे हैं।
हुनर हाट में इंदौर के मशहूर पोहा से लेकर बिहार का लिट्टी-चोखा तो मिल ही रहा है। पंजाब का राजमा चावल, राजस्थान का दाल-बाटी चूरमा, दिल्ली के छोले भटूरे और दिल्ली की चाट भी उपलब्ध है। तंदूरी चाय भी लोगों का ध्यान खींच रही है। हर उम्र और हर तबके के लोग हुनर हाट में आकर देश भर के पारंपरिक खाने को बड़े चाव से खा रहे हैं।
वेज फूड के अलावा नॉन वेज फूड के कई स्टॉल भी हुनर हाट में हैं। नॉन वेज मेन्यू की बात करें तो यहाँ शानदार सीक कबाब, गलाउटी कबाब, मसाला मटन और मुरादाबादी बिरयानी मिल रही है और गुवाहाटी के लोग इसका जी भर के ज़ायका ले रहे हैं। इसके अलावा कुल्फी, जलेवी, लड्डू और अन्य मीठे पकवानों के भी स्टॉल हैं जिनका लोग स्वाद चख रहे हैं।
खास बात ये है कि फूड कोर्ट के हर स्टॉल पर कुशल कारीगरों द्वारा खाना और पकवान तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा आयोजकों की तरफ साफ-सफाई और बैठ कर खाने की उचित व्यवस्था भी की गई है जिससे किसी को कोई परेशानी न हो। हुनर हाट में खाने के 50 स्टॉल दो भागों में बनाए गए हैं। स्टेज के दाहिनी और बाईं तरफ बने फूड कोर्ट में महिला, पुरुष, बच्चे सभी खाने का लुत्फ़ उठा रहे हैं।
ये पहला मौका है जब गुवाहाटी में हुनर हाट का आयोजन किया जा रहा है लेकिन जिस तरह से गुवाहाटी और आस-पास के लोग हुनर हाट को अपना प्यार और समर्थन दे रहे हैं वो काबिले-तारीफ़ है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय देश के अलग अलग शहरों में बड़े और भव्य स्तर पर हुनर हाट आयोजित करता है जिसका मक़सद वोकल फ़ॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत अभियान को मज़बूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख़्तार अब्बास नक़वी के नेतृत्व में हुनर हाट हर जगह अपनी अलग छाप छोड़ रहा है। गुवाहाटी से पहले 37 शहरों में हुनर हाट का आयोजन किया जा चुका है और ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
No comments